राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। हर्ष ईएनटी हॉस्पिटल ने रविवार को वर्ल्ड हेल्थ-डे पर अपना 26वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर डॉ बी. पी. त्यागी ने आज से 17 अप्रैल तक 111 कान के पर्दे फ्री में बनाने का संकल्प लिया। इस तरह वह अपने 8वें वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड हेल्थ डे की इस बार थीम है- ‘मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार।’ जिसके मद्देनजर डॉ बी. पी. त्यागी ने बताया कि कान के इलाज के लिए उनके अस्पताल में नेपाल, बंगलादेश व भारत के सभी राज्यों से मरीज आएंगे। कुछ मरीज़ जो दूर से आए हैं, उनमें कान की हड्डी गलने की बीमारी भी मिली है। ऐसे मरीजों को सुनने वाली हड्डी लगाने के लिए छ: महीने बाद फिर बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्जिकल कैम्प में सभी मरीजों के ऑपरेशन की तकनीक़ अलग-अलग है। सभी मरीजों के कान के पर्दे दूरबीन विधि से बिना चीरे बनाये जाएंगे।
रविवार, 7 अप्रैल को स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हवन करने के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ बी. पी. त्यागी के बड़े भाई बृजभूषण त्यागी, श्रीमती मिथलेश त्यागी (भाभी), राकेश त्यागी (भाई), श्रीमती आशा त्यागी (भाभी) व हर्ष ईएनटी परिवार उपस्थित रहा। डॉ बी. पी. त्यागी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि उनकी तकनीक सीखने के लिए आज से शुरू हुई सर्जिकल कैम्प में देश के विभिन्न क्षेत्रों से डॉक्टर भी आए हैं। इनमें वर्धा से डॉ अर्जुन सेनी, डॉ सागर, गुजरात से डॉ नितिन चौधरी, बिलासपुर से डॉ तन्मय, डॉ राजेश और मेरठ से डॉ एकता प्रमुख रूप से शामिल हैं।


Leave a Reply