कैंसर को हराकर दूसरों को भी जीतने को जागरूक कर रहे दीपक

राष्ट्रीय जनमोर्चा । संदीप श्रीवास्तव
कोरापुट (ओडिशा)। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को हराकर समाज में जागरूकता फैलाने वाले कई जुझारू व्यक्तित्व हैं, जिनमें ओडिशा के दीपक पांडा का नाम प्रमुखता से आता है, जिन्होंने 2011 में लिवर कैंसर जैसी बड़ी चुनौती का सामना किया। सही इलाज, धैर्य और मजबूत इच्छाशक्ति की बदौलत उन्होंने कैंसर को मात दी और आज वे एक सामान्य व सक्रिय जीवन जीते हुए अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बने हुए हैं।
दीपक पांडा ने अपने अनुभव को समाजसेवा का माध्यम बना लिया है। वह पिछले करीब 15 वर्षों से देशभर में कैंसर जन- जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बातचीत करते हुए कैंसर के शुरुआती लक्षणों को कैसे पहचानें के बारे में बताया कि कैंसर के प्रारंभिक संकेतों (जैसे मुंह में लंबे समय तक रहने वाले छाले, शरीर में असामान्य गांठ, अचानक वजन कम होना या पुराना दर्द) को पहचानना बेहद जरूरी है। यदि शुरुआती दौर में ही इसकी जांच कराई जाए और कैंसर का पता चल जाए, तो सही उपचार से इसे पूरी तरह ठीक करना आसान हो जाता है।
दीपक बताते हैं, “बीमारी से लड़ने के लिए सिर्फ दवाइयाँ ही नहीं, बल्कि मरीज का मानसिक हौसला, सकारात्मक सोच और परिवार का सहयोग भी अहम भूमिका निभाता है।” स्वस्थ जीवनशैली के प्रति वह अपने जागरूकता कार्यक्रम में विशेष तौर पर जोर देते हैं। उनका मानना है, “तंबाकू और धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहना और संतुलित आहार अपनाना कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।”
लेकिन जागरूकता, शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। इन्हीं सकारत्मक विचारों के साथ दीपक पांडा अब तक विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में 3,000 कैंसर जागरूकता कार्यक्रम और 2,500 स्क्रीनिंग अभियान में भागीदारी कर चुके हैं। इन अभियानों के जरिए वे लोगों को कैंसर के संभावित लक्षणों के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित करते हैं।


दीपक पांडा ने पत्रकारिता एवं जनसंचार, मनोविज्ञान और लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ एलएलबी की शिक्षा भी ली है। उनका मानना है कि कैंसर को लेकर डर और भ्रम दूर करने के लिए सही जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है। उनका यह अभियान आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कभी नहीं रुका। जीवन के एक दौर में जब उनके लिए दो वक्त की रोटी जुटानी भी चुनौती थी, तब भी उन्होंने लोगों को जागरूक करना जारी रखा।
एक कैंसर सर्वाइवर से जागरूकता अभियान के संदेशवाहक बने दीपक पांडा की यात्रा व्यक्तिगत संघर्ष को सामाजिक संकल्प में बदलने की प्रेरक मिसाल है। उनका संदेश स्पष्ट है— जागरूक रहें, समय पर जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने दीपक पांडा के सामाजिक कार्यों की सराहना की है। उनका कहना है कि कैंसर से उबरने के बाद जागरूकता फैलाना समाज के लिए एक अत्यंत सराहनीय कदम है। दीपक पांडा जैसे योद्धाओं (Cancer Survivors) की प्रेरक कहानियाँ और उनके द्वारा दी जाने वाली जानकारियाँ दूसरों को जागरूक करने में मदद करती हैं।

admin
About admin 3418 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*