बिहार के एकमा में चाकूबाजी, तीन की मौत

राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो
छपरा कार्यालय। एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में शनिवार की रात हुई चाकूबाजी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। वारदात में तीन लोगों की मौत हो चुकी है और एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे पटना रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा के जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार, पिता ध्रुप यादव और रमेश यादव पिता विजय यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार, 3 अक्टूबर की रात चाकूबाजी की पहली घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉक्टर एस कुमार के निजी अस्पताल में लाया गया था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गयी।
इलाज के दौरान अंकुर पटेल उर्फ धोनी की मौत एकमा के निजी नर्सिंग होम में हो गई, जबकि मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। वहीं, इस घटना में घायल विवेक कुमार पिता बिनोद कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया है।
छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में सदर एसडीपीओ-2 ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से जुड़ी हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पायेगी। फिलहाल पुलिस विवाद की असली वजह, चाकूबाजी में शामिल लोगों और घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटाने में लगी है। परसा परसागढ़ में हुई इस वारदात के बाद तीन मौत से इलाके में दहशत छाई है। अब पुलिस की जांच से ही साफ होगा कि आखिर इस खूनी खेल की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे?

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*