मानवाधिकार एसोसिएशन ने 30 से अधिक हस्तियों को किया सम्मानित

गाजियाबाद में सम्मान समारोह को संबोधित करते वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित सेक्टर 11 में भारतीय मानवाधिकार जन कल्याण एसोसिएशन द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में मेधा हास्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के निदेशक डॉ प्रदीप वाष्र्णेय, शिक्षाविद व सांसद प्रतिनिधि गुलशन भांबरी और मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीके सक्सेना मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 30 से अधिक शख्सियतों को सम्मानित किया गया, जिनमें पत्रकार, समाजसेवी और मानवाधिकार कार्यकर्ता शामिल रहे।
रविवार, 26 दिसम्बर को मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक संस्था ‘निभा फाउंडेशन’ की अध्यक्ष निभा श्रीवास्तव, ग्लोबल रैकी हीलिंग ट्रस्ट के पदाधिकारी और डॉ संजीव शर्मा भी मौजूद रहे। वीके सक्सेना ने मंच का संचालन करते हुए लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कहा कि मानव अधिकार का तात्पर्य संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को प्राप्त व्यक्ति के प्राण, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा संबंधित अधिकार से है। भारतीय संविधान मानवाधिकार संरक्षण का एक पवित्र ग्रंथ है। वह मानव के अधिकारों की संपूर्ण रक्षा करता है।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले सर्वप्रथम डॉ अनिल अग्रवाल, डॉ प्रदीप वाष्र्णेय, वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, गुलशन भांबरी एवं निभा श्रीवास्तव का फूल-मालओं से स्वागत-सत्कार किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल ने कहा कि वह मानवाधिकार के लिए लगातार काम करते आ रहे हैं। सरकार उनके साथ है। क्षेत्र के लोग हों या अन्य, किसी के भी अधिकार का हनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस मामले में वीके सक्सेना की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि सक्सेना जी लगातार बुद्धिजीवियों, पत्रकारों हितों एव समाजसेवा के कार्य में लगे रहते हैं। उनकी इस अच्छी सोच की तारीफ होनी चाहिए।
कार्यक्रम को सांसद प्रतिनिधि गुलशन भांबरी, वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, डॉ संजीव और वीके सक्सेना ने भी संबोधित किया। सक्सेना ने गाजियाबाद के कई सामाजिक संगठनों के कार्यों पर प्रकाश डाला और उनके संचालकों को सम्मानित किया। साथ ही इस अवसर पर ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के संपादक जितेन्द्र बच्चन, ‘कोहराम न्यूज’ की संपादक सविता शर्मा, ‘गंगा न्यूज नेशनल’ के प्रबंध संपादक डॉ नरेश राजपूत और ‘नेशनल उद्भव’ के संपादक समर सिंह राणा, पार्षद विजय गोयल आदि को मानवाधिकार सेवा सम्मान का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
पार्षद विजय गोयल ने कार्यक्रम में अपने क्षेत्र में कराए गए कार्यों का भी ब्योरा दिया। साथ ही कहा कि वह क्षेत्रवासियों की सेवा लगातार करते रहेंगे। उन्होंने शीघ्र ही कई सडक़ों एवं गालियों में होने वाले कार्यों को भी बताया, जहां जल्द ही विकास कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा समाजसेवी संस्था ‘प्रयास’ के भी कार्यों की प्रसंशा की गई। इस मौके पर वीपी श्रीवास्तव, कुलदीप सक्सेना, विजय श्रीवास्तव, मनोज शर्मा, किरण श्रीवास्तव, जितेन्द्र जीतू, संजय श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव आदि बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी और गणमान्य मौजूद रहे। भारतीय मनावाधिकार जन कल्याण एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीके सक्सेना ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*