यूपी में बढ़ाया लॉकडाउन, 17 तक रहेगा लागू

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच योगी सरकार ने कोरोना कर्फ्यू 17 मई तक बढ़ा दिया है। प्रदेश में कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना कंट्रोल के लिए सरकार हर तरह के प्रयास कर रही है। पहले रात्रि कर्फ्यू लगाया, जब उससे बात नहीं बनी तो वीकेंड लॉकडाउन लगाया। तब भी हालात नहीं संभल रहे हैं तो अब योगी सरकार ने लॉकडाउन और बढ़ा दिया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में जारी आदेश के अनुसार गुरुवार सुबह यूपी में लॉकडाउन खत्म होना था, लेकिन 10 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया। अब आज 10 मई से पहले ही एक बार फिर से यूपी सरकार ने 17 मई सोमवार की सुबह तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाएं जैसे मेडिकल, किराना आदि छोड़कर सभी दुकानें व सेवाएं स्थगित रहेंगी। पहली बार मास्क न लगाने पर एक हजार रुपये जुर्माना और दूसरी बार भी यही गलती की तो 10 हजार रुपये का जुर्माना देना होगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को पास जारी किए जाएंगे। मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम बंद रहेंगे। रेस्त्रां खुले रहेंगे, लेकिन केवल होम डिलीवरी की अनुमति होगी। दूसरे राज्यों से आने जाने पर रोक नहीं होगी।
यूपी में शादी समारोह में आयोजन के दौरान सिर्फ 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग शामिल हो सकेंगे। साप्ताहिक बंदी के अलावा पहले से चल रहा रात्रि कर्फ्यू भी यूपी में जारी रहेगा। अगले आदेश तक सभी स्कूल बंद रहेंगे, बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द। सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक, धार्मिक उत्सव से संबंधित और अन्य भीड़ तथा सभाएं आयोजित नहीं की जा सकेंगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*