राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में सोमवार 15 अगस्त को आजादी की 76वीं वर्षगांठ के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। सुबह सात बजे से ही विद्यालय परिसर में उपस्थित छात्रों,शिक्षकों एवं अभिभावकों में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के आयोजन के प्रति जोश एवं उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि प्रियांक जोशी, विशिष्ट अतिथि अमित सिन्हा एवं निदेशक पंकज जोशी तथा विद्यालय की वरिष्ठ समन्वयिका श्रीमती कल्पना सीज़ो ने ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
राष्ट्र गान के पश्चात श्रीमती रेणुका सिंह एवं श्रीमती पारुल गौर के निर्देशन में पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ। मुख्य अतिथि प्रियांक जोशी एवं अन्य सम्मानित अतिथियों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति के गीत गाकर जहां देश भक्तों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया गया, वहीं नन्हीं मुन्नी बालिकाओं ने सरस्वती वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया।
विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने की दी सलाह:
मुख्य अतिथि प्रियांक जोशी ने विद्यालय के सत्र 2021-22 के एकेडमिक अचीवर्स तथा ऑल राउंडर्स को ट्रॉफी एवं वैज पहनाकर पुरस्कृत किया। साथ ही स्वतंत्रता प्राप्ति के संघर्ष एवं स्वतंत्र सेनानियों का जिक्र करते हुए स्वतंत्रता प्राप्ति से आज तक भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। धार्मिक ग्रंथों का वर्णन करते हुए आज के युवाओं, अभिभावकों व विद्यार्थियों को अपनी मातृभूमि के प्रति सम्मान एवं समर्पण के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा जोशी ने आमंत्रित अभिभावकों तथा शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें मंच पर लाने का प्रयास करें।
देश को गौरवान्वित करने की दी प्रेरणा :
पंकज जोशी एवं अमित सिन्हा ने विभिन्न क्षेत्रों (खेलकूद, भारतीय नृत्य, पाश्चात्य नृत्य, गायन कला, संगीत, कला एवं वाक कला) में विशेष योग्यता रखने वाले तथा विशेष उपलब्धियाँ (शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं प्राप्तांक) प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया। विद्यालय के निदेशक पंकज जोशी ने अपने कार्यों एवं दृढ़ निश्चय के द्वारा संसार में अनुकरणीय माने जाने वाले महान व्यक्तियों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासित रहते हुए अपने-अपने कार्य क्षेत्र में आगे बढ़कर देश को गौरवान्वित करने की प्रेरणा दी।
अभिभावक बच्चों का मंच प्रदर्शन देख अभिभूत:
सोनम श्रीवास्तव, गौरी मिश्रा एवं अमर वर्मा द्वारा निर्देशित बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही उनके संगीत ने दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित अभिभावक नन्हे-मुन्नों का प्रदर्शन देख गौरव मिश्रित आनंद का अनुभव कर रहे थे। अंत में विद्यालय के बैंड के सदस्यों द्वारा आर्केस्ट्रा कार्यक्रम ने सभी को खुशी एवं रोमांच से भर दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों को धन्यवाद प्रेषित कर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यक्रम का समापन किया गया।


Leave a Reply