डॉ कमलेश भारद्वाज/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। शम्भू दयाल पीजी कॉलेज ग़ाज़ियाबाद में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों के शिविर का तीसरा दिन था। सरस्वती वंदना से शिविर का प्रारंभ करने के पश्चात स्वयंसेवकों ने एक घण्टे तक प्राणायाम एवं व्यायाम किया। उसके बाद गांव में सर्वेक्षण करने गए, फिर वहां से लौटकर स्वयंसेवकों ने शिविर में अपने-अपने अनुभव कार्यक्रम अधिकारियों के साथ साझा किए।
4 मार्च को भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में महिला कल्याण विभाग से विधि परिवीक्षा अधिकारी लोकेंद्र सिंह शिविर स्थल पर पहुंचे। उनके साथ समाजसेवक राकेश कुमार भी शिविर के अवलोकनार्थ आए। उन्होंने समाज में लिंग समानता पर बल देते हुए महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं व बच्चों के लिए सहायक नंबर (हेल्प लाइन) से भी परिचित कराया। 1090 (महिला पवार लाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्प लाइन), 181 (महिला हेल्प लाइन) आदि। तत्पश्चात उन्होंने मिशन शक्ति की महत्ता से स्वयंसेवकों को अवगत कराते हुए नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन पर बल दिया।
महिला कल्याण विभाग द्वारा चलाए जा रहे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से भी परिचित कराया। राकेश जी ने कन्या सुमंगला योजना की वेबसाइट का परिचय देते हुए इस योजना के स्तरों से परिचित कराया। पोक्सो एक्ट से भी परिचित कराया गया। व्याखानों के पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने अपने-अपने समूह में समापन कार्यक्रमों के लिए अभ्यास किया। वहीं आज भी कुछ पुरातन विद्यार्थियों ने शिविरस्थल पहुँचकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रगान के उपरांत तीसरे दिवस का शिविर समापन हो गया।


Leave a Reply