विष्णु सक्सेना को जय शंकर प्रसाद पुरुस्कार

उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान सम्मान में देगा 75 हजार रुपये का पुरस्कार

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के वर्ष 2021 के सम्मान और पुरस्कार की घोषणा मंगलवार को कर दी गई। संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ सदानंद प्रसाद गुप्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से विद्वानों के नामों का चयन किया गया। गाजियाबाद के वरिष्ठ कवि व कहानीकार विष्णु सक्सेना के दूसरे खंड काव्य ‘सुनो राधिके सुनो’ के लिए उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान उन्हें ‘जय शंकर प्रसाद पुरुस्कार’ से सम्मानित करेगा। इसके लिए उन्हें 75000 रुपये का पुरुस्कार प्रदान किया जाएगा।
विष्णु सक्सेना पेशे से इंजीनियर हैं और सन 2000 में एचएमटी पिंजौर से डिप्टी चीफ इंजीनियर के पद से सेवा निवृत होकर पहले पत्रकारिता और फिर साहित्य सेवा में लगे हुए हैं। इससे पहले उनका काव्य संग्रह ‘बैंजनी हवाओं में’ तथा खंड काव्य ‘अक्षर हो तुम’ राज्य श्रेष्ठ कृति के रूप में हरियाणा साहित्य अकादमी से पुरुस्कृत हो चुके हैं। उनके अब तक चार काव्य संग्रह ‘बैंजनी हवाओं में’, ‘गुलाब कारखानों में बनते हैं’, ‘सिहरन सांसों की’ व ‘धूप में बैठी लड़की’, दो कहानी संग्रह ‘बड़े भाई’ व ‘वापसी’ एक लघु कथा संग्रह ‘एक कतरा सच’ तथा दो खंड काव्य ‘अक्षर हो तुम’ व ‘सुनो राधिके सुनो’ प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा 45 संकलनों में उनकी कविताएं, कहानियां व समीक्षाएं प्रकाशित हुई हैं।
एचएमटी पिंजौर के मुख गीत ‘पिंजौर गीत’ के वह रचयिता हैं। उनके ऊपर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से तीन लघु शोध प्रबंध कहानीकार विष्णु सक्सेना, विष्णु सक्सेना व्यक्तित्व व कृतित्व, अक्षर हो तुम में मानव मूल्य किए जा चुके हैं और अब कर्नाटक विश्वविद्यालय से एक विद्यार्थी उन पर पीएचडी कर रहा है। उन्हें मानव संसाधन विभाग भारत सरकार द्वारा 2000 में ‘राष्ट्रीय सहस्राब्दी सम्मान’ व कालका प्रशासन द्वारा ‘टैगोर अवार्ड’ से व अनेकों संस्थाओं द्वारा विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्होंने 1973 से एक लघु पत्रिका का संपादन भी करना शुरू किया था जिसे 1975 में आपातकाल के दौरान बंद करना पड़ा।
पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन, अमर भारतीय साहित्य संस्कृति संस्थान के महासचिव प्रवीण कुमार, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार द्विवेदी, ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) विजय कुमार श्रीवास्तव आदि ने विष्णु सक्सेना को ‘जय शंकर प्रसाद पुरुस्कार’ के लिए चयनित होने पर बधाई दी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*