किसान आंदोलन: दिल्ली में उपद्रव के बाद सरकार सख्त

लाल किले पर मौजूद प्रदर्शनकारी किसान

नई दिल्ली। मंगलवार को गणतंत्र दिवस पर किसानों के उग्र आंदोलन और दिल्ली में स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। फैसला किया गया कि अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात किया जाएगा। ये उन 15 कंपनियों के ऊपर होंगी, जो कल भेजी गई थीं। पांच कंपनियां आज स्टैंडबाय पर थीं। यानी दिल्ली में 1500 से अधिक अर्धसैनिक बलों की तैनाती होगी।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान ट्रैक्टर रैली के साथ दिल्ली में कूच कर चुके हैं। दिल्ली पुलिस ने शर्तों के साथ ट्रैक्टर रैली को इजाजत दी थी लेकिन मंगलवार सुबह से ही दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर किसान घुस आए। उसके बाद दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस के साथ झड़प, जबरन बैरिकेड टूटने की खबरें सामने आई हैं। इसके मद्देनजर केन्द्र सरकार आज की हिंसा से जुड़े हर पहलू की समीक्षा कर रही है। अब तक तीन अहम बैठकें हो चुकी हैं।
गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस द्वारा बनाई गई विशेष टीम दिल्ली-एनसीआर के अधिकारियों से जानकारी ले रही है। वहीं दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बैठक खत्म होने के बाद दल्ली पुलिस के जवानों को सख्ती से काम करने को कहा है। लाल किले में जो किसान या उपद्रवी मौजूद हैं, उनसे तुरंत खाली कराया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*