गाजियाबाद के स्कूल में घुसा तेंदुआ: मचा हड़कंप, इलाके में अलर्ट

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। एनडीआरएफ रोड स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में बुधवार की सुबह करीब छह बजे तेंदुआ घुस आया। उसने कक्षाओं में घुसने का प्रयास किया लेकिन दरवाजे बंद था। इसके बाद तेंदुए ने स्कूल के मैदान में दो मिनट तक चहलकदमी की। लोगों की नजर पड़ते ही हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और वन विभाग को खबर दी गई। स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त किए हैं और तेंदुआ को पकड़ने की कोशिश जारी है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के अनुसार, एनडीआरएफ रोड पर तेंदुआ मंगलवार की रात भी सीसीटीवी में कैद हुआ है। जबकि बुधवार की सुबह छह बजे ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में घुस आया और कुछ देर बाद दीवार फांदकर भाग गया। सुरक्षाकर्मी ने तेंदुआ को स्कूल में देख लिया और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। बुधवार को आयोजित कक्षा 11 की परीक्षा निरस्त कर दी गई और अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की गई है।
स्कूल में तेंदुआ की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों पर जाल लगाया। तब तक सूचना पाकर एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे और एनडीआरएफ रोड पर बेरिकेटिंग लगाकर रूट डायवर्ट कराया। खबर लिखने तक वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर तैनात थी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*