अंजान मित्र/राष्ट्रीय जनमोर्चा
मिर्जापुर। प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कवयित्री आयुष्मती प्रजापति ‘आयुष’ के काव्य संग्रह ‘लाकडाउन पार्क’ का स्थानीय भोला गार्डेन में आयोजित एक भव्य समारोह में विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साहित्य और साहित्यकार हमेशा लोगों के लिए मार्गदर्शक एवं प्रेरणा के स्रोत होते हैं। मुझे व्यक्तिगतरूप से साहित्य से लगाव है। मैं साहित्यकारों की भावनाओं को समझने की बराबर कोशिश करता हूँ, क्योंकि वे वास्तविकता से रूबरू कराते हैं।
उन्होंने कोरोना की भयावह स्थिति का जिक्र करते हुए सरकार के विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने मिर्जापुर में साहित्यिक कृतियों के प्रकाशन में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा ने कहा कि कवि व लेखक व्यक्ति, समाज एवं सत्ता का सही चेहरा दिखाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में उनकी दृष्टि लोकहितकारी होती है। इसलिए उन्हें गंभीरता से लेकर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। संचालन कर रहे वरिष्ठ कवि व आलोचक अरविंद अवस्थी ने मंत्री जी की साहित्यिक अभिरुचि के लिए प्रशंसा की और कहा कि शासन व प्रशासन को जिला स्तर पर लेखन में लगे साहित्यकारों के लिए प्रोत्साहन की योजनाएँ बनानी चाहिए और जनपद स्तर पर भी पुरस्कार शुरू किये जाने चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत गर्विका गीत की वाणी वंदना व स्वागत गीत से हुआ। विशिष्ट अतिथियों में लाल बहादुर सिंह, पवन प्रजापति, डा नितेश, राजपति ओझा, विजय प्रजापति और बैजनाथ प्रजापति मंच पर आसीन थे। इस अवसर पर चुनार के चिरस्मरणीय साहित्यकार शिव प्रसाद कमल की पुस्तक ‘भारतीय संस्कृति का अमृत कलश’ का भी विमोचन मत्रीजी ने किया। इसके बाद मत्री सहित विशिष्ट अतिथियों को माँ विंध्यवासिनी का चिंह भेट किया गया। इस दौरान कवि सम्मेलन में बाहर के कई कवियों ने भी शिरकत की। काव्यपाठ करने वालों में भोलानाथ कुशवाहा, रवींद्र पांडेय, केदार नाथ सविता, संदीप बालाजी, प्रतिमा शर्मा, सुधा सिंह, कर्मराज किसलय, सेवालाल प्रजापति, इरफान कुरैशी, डाली अग्रहरी, अमरनाथ सिंह आदि शामिल रहे।
विमोच्य कृति ‘लाकडाउन पार्क’ के प्रकाशक ‘हिंदीश्री पब्लिकेशन की ओर से आनंद अमित ने सभी का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि मिर्जापुर की धरती उर्वरा है और कई अच्छे साहित्यकार यहाँ से निकले हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रमुख लोगों में मिलन कुमार, मेवालाल प्रजापति, विंध्यवासिनी, श्यामबाबू, कमल प्रजापति, रामानंद, सुशील त्रिपाठी, सुनील चौधरी, राजेश सोनकर आदि थे। संचालन शिब्बू गाजीपुरी और सृष्टि राज ने किया। विशिष्ट अतिथि सत्यवीर सिंह (चीफ इंजीनियर रेलवे) और एयर इंडिया इंजीनियरिंग में डीजीएम वेद प्रकाश प्रजापति आनलाइन उपस्थित रहे।


Leave a Reply