राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। महिला उन्नति संस्था द्वारा नारी शिक्षा को लेकर चलाये जा रहे आठ दिवसीय जागरूकता अभियान का आज समापन हो गया। इस अवसर पर नोएडा महानगर इकाई ने सेक्टर 45 स्थित सदरपुर के साईं पब्लिक स्कूल और नोएडा देहात इकाई ने हरौला सेक्टर 5 के प्राइमरी स्कूल में ‘नारी चौपाल’ लगाकर अधिक से अधिक बेटियों को शिक्षित करने के लिए लोगों को जागरूक किया।
नोएडा महानगर प्रभारी रेनू बाला शर्मा ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि बेटियों को अधिक से अधिक स्कूल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संगठन ने गुरुपूर्णिमा पर आठ दिवसीय शिक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की थी। आज बुधवार को इसका समापन किया जा रहा है। इस बीच कई स्थानों पर नारी चौपाल, जागरूकता मार्च और नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। आज बुधवार को भी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा लगाते हुए छात्रों ने रैली निकाली। साथ ही सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि हम किसी को भी अशिक्षित नहीं रहने देंगे।
नोएडा देहात अध्यक्ष पूजा अवाना और नोएडा देहात प्रभारी एवं उपाध्यक्ष इंदु यादव ने कहा कि शिक्षा द्वारा ही नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य को हासिल किया जा सकता है। हमें हर व्यक्ति तक पहुंचकर बेटियों को शिक्षा दिलाने के लिए प्रयास करने होंगे। मीडिया प्रभारी वंदना झा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि कार्यक्रम में उमा जायसवाल, मीना गौतम, प्रधानाचार्य अंजनी सिंह, बबिता, रोशनी, सीमा आदि उपस्थित रहीं।


Leave a Reply