जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
जौनुपर। उत्तर प्रदेश के जिला जौनपुर के पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या के मास्टर माइंड जमीरुद्दीन कुरैशी को पुलिस ने भिवंडी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। वह शाहगंज कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस इसे मुख्य अभियुक्त बता रही है और इसकी गिरफ्तारी मंगलवार की देर रात की गई थी। बुधवार को आरोपित को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद पुलिस टीम जौनपुर के लिए रवाना हो गई। बाकी के अभियुक्तों व शूटर्स को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की पांच टीमें छापामारी कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि जौनपुर के थाना कोतवाली शाहगंज अंतर्गत सबरहद निवासी पत्रकार व हिंदू नेता आशुतोष श्रीवास्तव की सोमवार, 13 मई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे इमरानगंज बाजार में नकाबपोश शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्वीट कर और जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ अजयपाल शर्मा से बातचीत कर बदमाशों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी। साथ ही अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी।

पुलिस ने आशुतोष के भाई संजय श्रीवास्तव की तहरीर पर चार अभियुक्तों को नामजद किया है और पांच अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। अभियुक्त नासिर जमाल, कामरान उर्फ अर्फी, जमीरुद्दीन कुरैशी और मोहम्मद हासिम सबरहद के निवासी हैं। गो-तस्करी व भूमाफिया के मामलों से इनके तार जुड़े हैं। आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या का कारण भी यही बताया जा रहा है। क्योंकि वह गोवध और भूमाफिया के विरोध में लिखते रहे हैं। आखिरकार जमीरुद्दीन कुरैशी ने आशुतोष को रास्ते से हटाने के लिए मुंबई में एक बड़ी साजिश रची गई और उसी योजना के तहत 13 मई को जौनपुर में अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया।
मामले की विवेचना कर रहे क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जमीरुद्दीन कुरैशी के खिलाफ पहले से मुडेंरवा बस्ती और अंबेडकरनगर समेत जनपद के कई थानों में कुल 16 मामले दर्ज हैं। इनमें से मोहम्मद हाशिम पहले से हत्या के एक अन्य मामले में जिला जेल में बंद है। बाकी के अभियुक्तों का भी डाटा खंगाला जा रहा है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


Leave a Reply