दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गाजियाबाद में मिलेंगी चलती-फिरती दुकानें

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में दिव्यांगजनों के रोजगार को बढ़ावा देने हेतु जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा एक नवीन एवं सराहनीय पहल शुरू की गई है। इस पहल के अंतर्गत दिव्यांगजनों को “चलती-फिरती दुकानें” उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे दिव्यांगजन स्वरोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
डीएम माँदड़ ने बताया कि दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह विशेष पहल प्रारंभ की जा रही है, जिससे दिव्यांगजन सम्मानपूर्वक अपना रोजगार संचालित कर सकें। इस योजना के अंतर्गत CSR Fund के माध्यम से दिव्यांगजनों को विशेष प्रकार की मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल (स्ट्रक्चर लगाकर एक छोटी चलती-फिरती दुकान) उपलब्ध कराई जाएगी। इन चलती-फिरती दुकानों के माध्यम से दिव्यांगजन स्कूल, कॉलेज, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कॉपी-किताब, स्टेशनरी सामग्री, चिप्स, बिस्किट तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएँ बेचकर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस योजना से जुड़कर अपने जीवनयापन हेतु स्थायी रोजगार प्राप्त कर सकें तथा समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*