राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
प्रयागराज। केपी ट्रस्ट द्वारा मुंशी काली प्रसाद जयंती सप्ताह कार्यक्रम के तहत सोमवार को बड़ी धूमधाम से 1.25 किलोमीटर लंबी जयंती समारोह शोभायात्रा निकाली गई। सोमवार की सुबह 10 बजे शोभा यात्रा को ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा का नेतृत्व महामंत्री वीर कृष्ण श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष (प्रशासन) सुधांशु श्रीवास्तव ने किया।
उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक मुंशी काली प्रसाद जयंती सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 2 दिसंबर को आज शोभायात्रा निकाली गई। इसके संयोजक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव “धुन्नू भैया”, उपाध्यक्ष (वित्त) गोपी कृष्ण श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष (शिक्षा) योगेंद्र श्रीवास्तव, शैलेन्द्र मधुर और श्रीमती आभा मधुर रहे। करीब 1.25 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में सभी पदाधिकारी, केपी ट्रस्ट से संबद्ध विद्यालय एवं महाविद्यालय के प्रधानाचार्य, प्राचार्य एवं छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कायस्थ समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
जयंती समारोह शोभायात्रा में स्कूल के बच्चों के बैंड ने लगातार विभिन्न धुनों पर अपनी कदम ताल देते हुए मुंशी जी के सम्मान में नारे लगाते हुए सहभागिता की। सभी पदाधिकारियों ने मुंशी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आभा मधुर ने किया। वंदना एवं माल्यार्पण के पश्चात स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम की सफलता के लिए केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार सिन्हा ने समस्त कायस्थ समाज, समस्त प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों और शोभायात्रा में सम्मिलित सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार प्रकट किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद था, जिसके लिए कायस्थ समाज प्रशासन और उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करता है।

Leave a Reply