मुजफ्फरपुर : शिविर में 45 लोगों की हुई नि:शुल्क नेत्र जांच

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
मुजफ्फरपुर। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) ने कुछ स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से नया टोला स्थित थियोसोफिकल लॉज सभागार में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। आसपास के लोगों ने आंख से संबंधित जांच कराई। आंखों का लाल होना, आंख से पानी गिरना, कम दिखाई देना, मोतियाबिंद, काला मोतियाबिंद आदि सभी रोगों की विशेषज्ञ द्वारा जांच की गई। कुल 45 लोगों को आंखों में दवा आदि डालने की भी सलाह दी गई और उनके चश्में की जांच कर उचित सलाह दी गई।
शिविर में शहर के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ सलभ सिन्हा (आई हॉस्पिटल बेला मुजफ्फरपुर) एवं उनके सहयोगी उपस्थित रहे। ग्लूकोमा, एवं कैटरेक्ट रोगियों को आवश्यक सुझाव दिए गए। आवश्यकता अनुसार जरूरतमंदों को दवा भी मुफ्त मुहैया कराई गई। डॉ सिन्हा ने इस मौके पर बताया कि जिन लोगों में मोतियाबिंद पाया गया है और वे गरीब हैं तो उनका बहुत ही रियायती दर पर ऑपरेशन कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि एसकेएफआई संस्था सदैव गरीबों और निसहाय व्यक्तियों के लिए समय-समय पर विभिन्न शिविरों का आयोजन करती रहती है। भविष्य में भी गरीबों व जरूरतमंदों को मुफ्त चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दृढ़ संकल्प है। शिविर में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के बिहार प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश प्रसाद श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि नेत्र हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है। हमें इसकी देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। समय-समय पर आंखों की जांच करवाते रहना चाहिए। आज की जांच में अधिकतर लागों में मोतियाबिंद तथा दूरदृष्टि की बीमारी पाई गई है। यदि समय पर उपचार किया जाए तो अंधापन से बचा जा सकता है, इसलिए नेत्र जांच शिविर का अधिक से अधिक लोगों को लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर थियोसोफिकल लॉज के अध्यक्ष श्री चितरंजन सिंह कनक, उपाध्यक्ष प्रेम कुमार वर्मा, थियोसोफिकल ऑर्डर ऑफ सर्विस आस्था ग्रुप के सचिव श्री रमेश प्रसाद श्रीवास्तव, श्री उदय शंकर श्रीवास्तव, डॉ रविन्द्र कुमार रवि, ज्ञानेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*