राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शिक्षा, संस्कार और समाज को समर्पित संस्था ‘नया सवेरा सोसायटी’ ने रविवार की दोपहर मेरठ रोड क्षेत्र में गरीब परिवारों को कंबल और गर्म कपड़ों का वितरण किया। साथ ही कहा कि शासन की मंशा के मुताबिक जिला प्रशासन को भी प्रत्येक जरूरतमंद को कंबल दिए जाने चाहिए।
संस्था के सचिव व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि ठिठुरन भरी ठंड में ‘नया सवेरा सोसायटी’ द्वारा पिछले दो दिन से गाजियाबाद में लगातार कंबल व गर्म कपड़ों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। असहाय परिवार जो ठंड में गर्म कपड़े के लिए परेशान हैं, उनको चिह्नित कर मदद करने की जरूरत है। उनकी संस्था ठंड से लोगों को बचाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार की रात और रविवार की दोपहर महानगर के कई क्षेत्रों में गरीब, निराश्रित, असहाय लोगों को कंबल घर-घर पहुंचाए गए, ताकि लोगों की मुश्किलों को कम किया जा सके।
बच्चन ने कहा कि इस पुनीत कार्य में समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आना चाहिए। आज और कल के कंबल वितरण के कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष डॉ. कमलेश भारद्वाज, उपाध्यक्ष डॉ. एस.के. भारद्वाज, उप सचिव डॉ. संगीता पाठक, कोषाध्यक्ष प्रीतिका बच्चन, डॉ. सतीश भारद्वाज, अनिल कुमार शर्मा, केतन तिवारी, आर.एम. पाठक, भुवनेश पाठक, मोहन शर्मा आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply