लखनऊ। कोरोना महामारी पर विजय पाने के लिए देश-प्रदेश में 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीनेशन मिशन शुरू किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जहां अभियान की शुरुआत करते हुए लाभार्थियों को संबोधित भी किया, वहीं उत्तर प्रदेश में इस अभियान के पहले दिन 31,700 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण होना था। लखनऊ में संजय गांधी पीजीआई के निदेशक के साथ ही कानपुर में सीएमओ ने वैक्सीन की पहली डोज ली। अब इन सभी को 24 दिन बाद दूसरी डोज दी जाएगी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमाम व्यस्तता के बाद भी टीकाकरण पर नजर बनाए रखी। उन्होंने बलरामपुर अस्पताल का दौरा भी किया।
रक्षा मंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह भी 16 जनवरी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र में थे। उन्होंने भी बलरामपुर अस्तपाल जाकर कोरोना वैक्सीन की डोज लेने वाले कोरोना वॉरियर्स से भेंट की। साथ ही उन सभी का हौसला भी बढ़ाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में पहले सर्वाधिक जरूरत वालों का टीकाकरण होगा। इसके बाद अपनी बारी आने पर हम भी टीका की डोज लेने में संकोच नहीं करेंगे। कोरोना वॉरियर्स को कोवैक्सीन और कोविशील्ड टीका लगाया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि तीन बजे तक प्रदेश में 20,017 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीनेट किया जा चुका था। इस दौरान कहीं से भी किसी गंभीर घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। सभी लोगों ने बहुत ही सकारात्मक फीडबैक दिया है।
लखनऊ के साथ ही मेरठ, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज, कानपुर, सहारनपुर, चित्रकूट धाम तथा मुरादाबाद मंडल में सुबह करीब 11 बजे से व्यापक अभियान शुरू किया गया। लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में निदेशक डॉ. आरके धीमान ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। मुरादाबाद में महिला अस्पताल में पहला टीका मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग को एएनएम रितु विश्नोई ने लगाया। बरेली में कोरोना वैक्सीन जिला महिला अस्पताल में फार्मासिस्ट अजय कुमार को लगाई गई। वाराणसी में कोरोना का पहला टीका महिला अस्पताल के एसएनसीयू में डीईओ (डाटा इंट्री आपरेटर) के पद पर कार्यरत अजीत कुमार मिश्रा को 11:12 मिनट पर लगा। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में सीएमएस डा वीके शुक्ला को लगा।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बताया कि यूपी में 10, लाख 55 हजार 500 कोविशील्ड और 20,000 कोवैक्सीन के इंजेक्शन मिल चुके हैं। विभाग ने पूरी तरह कमर कस ली है। प्रदेश के 8 लाख 57 हजार हेल्थ वर्कर्स के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं। प्रदेश में कोल्ड चेन पूरी तरह तैयार हैं। पहले इसकी क्षमता 80,000 लीटर थी, लेकिन इसे बढ़ाते हुए दो लाख 3 हज़ार लीटर कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 317 केंद्रों पर यह वैक्सीन लगाई जाएगी। हर केंद्र पर 100-100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए 5-5 सदस्यों की टीम बनाकर स्वाथ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसकी दूसरी डोज़ 28 दिन बाद लगाई जाएगी।


Leave a Reply