राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहा है। इससे कैसे बचें और क्या-क्या सावधानियां बरतें, जिससे ठगी का शिकार होने से बच सकें। इन्हीं सब सवालों के जवाब के लिए रविवार को नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन द्वारा दिल से दिल की बात के द्वितीय सोपान की तीव्रता को बढ़ाते हुए साप्ताहिक वेबिनार आयोजित किया गया। इसके माध्यम से बढ़ते साइबर क्राइम के कारण और उसके निवारण पर प्रकाश डाला गया। क्या, कैसे, और किस प्रकार का कानून है, उसकी जागरूकता समाज में कैसे स्थापित की जा सकती है, इसकी जानकारी भी दी गई।
फाउंडेशन की मीडिया प्रभारी अलका वर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि इस वेबिनार के मुख्य वक्ता डॉ मोहित सोनी (साइबर क्राइम फॉरेंसिक एक्सपर्ट) के अनुसार यदि किसी अनऑथराइज्ड द्वारा डिजिटल एक्सेस प्राप्त कर लिया जाता है तो वह साइबर क्राइम कहलाता है। सभी लोग अपनी जरूरी जानकारी अपने मोबाइल फोन पर रखते हैं। आजकल कोरोना के बाद आर्थिक तंगी के कारण पढ़े-लिखे लोग भी लोगों को ठग रहे हैं, ठगे जा रहे हैं। ऑनलाइन क्राइम का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा है। अपनी जरूरी जानकारी ओटीपी वगैरह किसी के साथ साझा न करें।
नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन की संस्थापक मोहिता की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संचालन श्रीमती सुनीता जेटली द्वारा किया गया। संस्था के सलाहकार सौरभ त्यागी, नवरत्न अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ऐक्टिव सिटिजन अध्यक्ष आलोक सिंह एवं क्षेत्र के सभी एनजीओ के प्रमुखों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। फाउंडेशन की उपाध्यक्ष निशू गुप्ता ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


Leave a Reply