राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बुलंदशहर। श्रीमती सावित्री देवी लक्ष्मी चंद्र सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंक्शन मार्ग खुर्जा में 27 मई से चल रहा राष्ट्रीय कबड्डी निर्णायक प्रशिक्षण वर्ग गुरुवार को संपन्न हो गया। इसका आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा किया गया था। समापन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि विद्या भारती के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनवीर सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, खिलाड़ी के लिए अनुशासन का विशेष महत्व है। खेल में अनुशासन है तो सफलता और प्रतिष्ठा दोनों मिलेगी। निर्णायक में तत्काल निर्णय लेने की क्षमता होनी चाहिए।
क्षेत्रीय संयोजक खेलकूद सतपाल सिंह ने विद्यालय की प्रबंध समिति को उचित व्यवस्था बनाने के लिए धन्यवाद दिया। प्रमुख प्रशिक्षक राजू सिंह जोधपुर ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में कुल 49 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया और तीन प्रशिक्षकों ने सभी को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान परीक्षा भी ली गई, जिसमें सुनील नागटा, जितेंद्र शर्मा, राजेंद्र चौधरी, सुरेंदर सिंह ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए।
मुख्य प्रशिक्षक राजू सिंह के साथ महेश अहलावत व रविंद्र मोहन शर्मा भी प्रशिक्षक रहे। सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने इस अवसर पर कहा कि सभी खेलकूद के शिक्षकों को खेल के नियमों की जानकारी विधिवत हो, इसलिए प्रशिक्षण वर्ग लगाकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षण के उपरांत हमें अभ्यास पर भी ध्यान देना चाहिए। संकुल और जिला स्तर पर भी सभी खेल शिक्षकों का प्रशिक्षण होना चाहिए।
कार्यक्रम के अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। विद्यालय व्यवस्थापक अजय कुमार गर्ग (एडवोकेट) ने प्रशिक्षकों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया और कार्यक्रम का संचालन पंकज गुप्ता ने किया।


Leave a Reply