राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
बालासोर। ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया। शनिवार की सुबह ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि इस रेल हादसे में 238 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 900 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है। आज सुबह देखा गया कि ट्रेन के डिब्बों के मलबे में अभी भी कई शव फंसे हुए हैं। बचाव अभियान में सेना भी शामिल हो चुकी है और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
ओडिशा के बालासोर में बहनागा बाजार स्टेशन के पास हुआ यह रेल हादसा दिल दहला देने वाला है। शुक्रवार, 2 जून की शाम पहले कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी की टक्कर की खबर थी। उसके बाद इसमें हावड़ा एक्सप्रेस से टक्कर की बात सामने आई और देर रात पता चला कि तीन ट्रेनों में टक्कर हुई है। हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्रालय ने जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के लिए 12 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की है। दस लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान रेल मंत्रालय और दो लाख रुपये प्रधानमंत्री की तरफ से दिए जाने की घोषणा की गई है। रेल मंत्री मौके पर पहुंचने वाले हैं।


Leave a Reply