यूपी की सत्ता पाने को परेशान न हों विपक्षी: अमित शाह

अन्जान मित्र/राष्ट्रीय जनमोर्चा
मीरजापुर। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। अमित शाह ने लखनऊ को बड़ी सौगात दी। उसके बाद मीरजापुर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजापाठ किया। इस तरह भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 की जोरदार तैयारी शुरू कर दी है। गृह मंत्री का आज का दौरा भी उत्तर प्रदेश की तैयारी परखने के साथ आगे की रणनीति को भी गति देगा। उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचारियों के दिल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भय है, जिसकी वजह से भ्रष्टाचार कम हुआ है। पहले का यूपी मुझे ठीक तरह से याद है। महिलाएं असुरक्षित थीं, यहां पर दिनदहाड़े गोलियां चलती थीं, माफिया का राज था। महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं। माफिया अवैध तरह से जमीनों पर कब्जा करते थे। 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने का वादा किया था। आज योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को आगे ले जाने का काम किया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने पिपरसंड में यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट आफ फोरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास तथा भूमि पूजन करने के साथ ही लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ सरकार के काम को जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि राज्यों के लिए केंद्र सरकार की सभी 44 बड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को बनाना तो आसान होता है, लेकिन उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन बेहतर कार्यशैली का सबसे बड़ा उदाहरण है। आज देश में चल रही विकास की 44 योजनाओं में सबसे आगे उत्तर प्रदेश है। योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने पूरे देश में इन 44 योजनाओं में सबसे पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास किया है।
अमित शाह ने कहा कि जिनको उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के सपने आ रहे हैं, उनके कानों तक ‘भारत माता की जय’ की आवाज जानी चाहिए। भाजपा की सरकारें जातियों और परिवारों के आधार पर नहीं चलतीं, नजदीक के व्यक्तियों के लिए नहीं चलतीं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दोनों काल के कारण लम्बे समय बाद मैं यूपी की भूमि पर आया हूं। उन्होंने कहा कि स्व. बाल गंगाधर तिलक जी ने कहा था, आजादी मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है, इस नारे ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला कर रख दी थी, मैं स्व. बाल गंगाधर तिलक जी की पुण्यतिथि पर उनको विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर आगे की पीढिय़ां देश का मान बढ़ाएं।
आज माफिया में डर का माहौल है: योगी आदित्यनाथ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल थी। माफिया राज इतना हावी था कि आज जिस भूमि पर हम इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना कर रहे हैं, इस 142 एकड़ भूमि पर एक माफिया कब्जा करने जा रहा था। हमने कार्रवाई कि और माफिया उस जमीन से भाग गया। उन्होंने कहा कि 2019 में गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह ने अपराध के संदर्भ में इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के निर्माण का विचार उत्तर प्रदेश सरकार को दिया और आज इस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास संपन्न हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार वर्ष के अंदर जो परिवर्तन हुआ है, वो गृह मंत्री अमित शह की विकासशील सोच वजह से ही है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश माना जाता था, माफियाओं का कब्जा था। हमने उत्तर प्रदेश में पेशेवर माफियाओं और गैंगस्टरों से 1584 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। आज तो माफियाओं में डर का माहौल है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*