राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं ग्रीष्मावकाश को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से समर कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी ने दीप प्रज्जवलन के साथ किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, कला एवं शिल्प, योग, खेलकूद, व्यक्तित्व विकास तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समर कैंप के दौरान बच्चों ने नई-नई कलाओं को सीखते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन तथा टीम भावना का विकास किया। शिक्षकों ने बच्चों को रोचक एवं व्यावहारिक तरीकों से प्रशिक्षण प्रदान किया, जिससे विद्यार्थियों में सीखने के प्रति उत्साह बना रहा।
प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समर कैंप के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रशंसा-पत्र भी प्रदान किए गए।


Leave a Reply