राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गौतमबुद्ध नगर। प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा में होली उत्सव ‘रंगोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग, उत्सव गीतों और नृत्य ने रंग जमा दिया। पूरा परिसर रंग में सराबोर हो गया और दोपहर बाद से शाम तक गुलाल उड़ता रहा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक व अन्य स्टॉफ जहां ‘रंग बरसे…’ पर जमकर थिरके, वहीं कॉलेज के चेयरमैन, निदेशक और सहायक निदेशक ने एक-दूसरे को चंदन व अबीर-गुलाल लगाकर सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक जुड़ाव व आपसी प्रेम का संदेश दिया।
शनिवार, 28 फरवरी को नॉलेज पार्क-3 स्थित PIIT कॉलेज ग्रेटर नोएडा में आयोजित रंगोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. भरत सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन पारिवारिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी लोकसंस्कृति और परंपराएँ ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही डॉ सिंह ने प्राकृतिक रंगों के प्रयोग और सुरक्षित होली खेलने का संदेश देते हुए समस्त देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है।
संस्थान के निदेशक आर. के. शाक्य और सहायक निदेशक जितेन्द्र बच्चन ने भी सभी को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की कामना की। साथ ही कहा कि इस रंगोत्सव के आयोजन ने कॉलेज परिसर को रंगों, खुशियों और उर्जा से भर दिया। ऐसे उत्सव मनाने की परंपरा छात्राओं को देश की सभ्यता और संस्कृति से जोड़े रखती है। इस दौरान छात्र- छात्राओं ने कॉलेज अधिकारियों व गुरुजनों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया।




“रंग दे गुलाल मोहे…” गीत पर कॉलेज की छात्राएं व शिक्षिकाओं ने गुलाल और फूलों की होली खेलते हुए एक दूसरे को फागुन की बधाई दी। पीआईआईटी की मिथलेश मैम होली गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही उन्होंने सभी से प्राकृतिक रंगों से पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की। अंत में गुझिया, गुलाल और अन्य उपहार वितरित किया। इस अवसर पर कॉलेज के डीन, प्रवक्ता आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply