ओके मॉडल स्कूल में कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह संपन्न

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सुर साहित्य परिषद् एवं हिन्दी साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में ओ. के. मॉडल स्कूल में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। साहित्य, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत इस आयोजन में देशभक्ति की कविताओं, गीतों एवं ओजपूर्ण रचनाओं ने उपस्थित श्रोताओं में राष्ट्रचेतना का संचार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ओ. के. मॉडल स्कूल के चेयरमैन योगी ओम कुमार पुण्डीर ने की, जबकि हिन्दी साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ जैन ‘सुमन’मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक भारद्वाज, ट्रू मीडिया के मुख्य संपादक ओमप्रकाश प्रजापति एवं डॉ. जय सिंह आर्य ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सेंट भारती पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सर्वेश्वर दत्त एवं कमलेश प्रजापति भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. रवि कुमार ने अतिथियों एवं साहित्यकारों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। ओ. के. मॉडल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. निर्मल ने स्वागतकर्ता की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सुर साहित्य परिषद् के संस्थापक डॉ. संजय जैन ने किया। डॉ. उर्वी ऊदल ने संयोजन की जिम्मेदारी निभाई, जबकि नयन नीरज ‘नायाब’ने अपने प्रभावशाली निवेदन से कार्यक्रम को गति प्रदान की। समारोह का विशेष आकर्षण भारतीय सेना के गौरव कर्नल प्रवीण त्रिपाठी को प्रदान किया गया ‘शौर्य सम्मान’रहा। राष्ट्रसेवा एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सुर साहित्य परिषद् द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
कवि सम्मेलन में अदिति अस्थाना, ईशा भारद्वाज, आरती वर्मा, योगेश कृष्णा, विभा राज वैभवी, सुनील शर्मा, अंकुर मिश्रा, शीतल, रानी, ललित मोहन जोशी, रजनीश उपाध्याय एवं ऋतु चौरसिया सहित अनेक कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में सुर साहित्य परिषद् द्वारा श्री ओम कुमार पुण्डीर, डॉ. रवि कुमार पुण्डीर एवं डॉ. निर्मल को साहित्य के प्रति उनके अनुराग, सेवाभाव एवं समर्पण के लिए ‘सुर साहित्य सारथी सम्मान’से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में ओ. के. मॉडल स्कूल की कक्षा 8वीं की होनहार छात्रा अर्चना को उसकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों के लिए ‘सुर साहित्य बाल प्रतिभा सम्मान’प्रदान किया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*