योगी सरकार ने धरना खत्म कराने का दिया आदेश, राकेश टिकैत ने कहा: सरेंडर नहीं करेंगे

किसान नेता राकेश टिकैत का प्रतीकात्मक चित्र

जितेन्द्र बच्चन
नई दिल्ली। किसान आंदोलन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन में आ गए हैं। दिल्ली-यूपी के गाजीपुर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गुरुवार को डीएम, एसपी को धरना खत्म कराने के आदेश दिए हैं। किसानों को धरनास्थल से हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। दिल्ली के गाजीपुर बार्डर पर भारी पुलिसफोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं किसान नेता राकेश टिकैत ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वो सरेंडर नहीं करेंगे। हमारा धरना जारी रहेगा।
राकेश टिकैत ने कहा कि लाल किले की घटना के लिए जो जिम्मेदार हैं, उनकी कॉल डिटेल निकाली जाए। उत्तर प्रदेश पुलिस धरने पर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने भी शांतिपूर्ण तरीके से धरने को जायज ठहराया है। उत्तर प्रदेश गाजीपुर बॉर्डर पर कोई हिंसा नहीं हुई है। इसके बावजूद सरकार दमनकारी नीति अपना रही है। यह उत्तर प्रदेश सरकार का चेहरा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो महीने से किसान कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन पर बैठे हुए हैं और सड़क पर जाम लगा रखा है। वहीं ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस का एक्शन जारी है। गुरुवार को पुलिस द्वारा कई किसान नेताओं को नोटिस थमाया गया। गणतंत्र दिवस के दौरान निकली ट्रैक्टर परेड के बीच हुई हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मुलाकात की। उसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी एक्शन में आ गए। उन्होंने किसानों का धरना खत्म कराने का निर्देश जारी किया है।
राकेश टिकैत ने गुरुवार को कहा कि लाल किले पर कौन लोग थे, सुप्रीम कोर्ट के जज उसकी जांच करें। कमेटी जांच करे और पता लगाए कि वहां झंडा लगाने वाले कौन थे? राकेश ने कहा कि दीप सिद्धू कौन है, उसका किसके साथ कनेक्शन है? तिरंगे का अपमान कोई भी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उधर हरियाणा सरकार ने सोनीपत, पलवल और झज्जर जिलों में वॉयस कॉल को छोड़कर इंटरनेट सेवाओं (2जी/3जी/4जी/सीडीएमए/जीपीआरएस), सभी एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोडकर) और मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी सेवाओं को बंद करने की अवधि बढ़ा दी है। इंटरनेट सेवाएं अगले 24 घंटे यानी 29 जनवरी शाम 5 बजे तक के लिए बंद रहेंगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू माने जाएंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*