अयोध्या में विश्वकीर्तिमान, सीएम योगी ने जलाया श्रद्धा का प्रथम दीप

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
अयोध्या। रामलला की मौजूदगी में बुधवार को पहला दीपोत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम श्रीराम मंदिर पहुंचे। सर्वप्रथम उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का दर्शन किया, फिर उनके चरणों में श्रद्धा निवेदित की। इसके बाद प्रभु राम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए। मंदिर के बाहर भी मुख्यमंत्री ने पांच-पांच दीप जलाए, जबकि मंदिर प्रांगण में लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसी के साथ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दो कीर्तिमान दर्ज हो गए। 25, 12, 585 दीप जले और 1,121 वेदाचार्यों ने एकसाथ सरयू आरती की।
उल्लेखनीय है कि रामलला 500 वर्ष बाद 22 जनवरी 2024 को अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान हुए। उसके बाद आज 30 अक्टूबर को प्रथम दीपोत्सव हुआ, जब रामलला स्वयं के महलों में विराजमान होकर अपनी नगरी को अपलक निहारते रहे। बुधवार को अयोध्या का सौंदर्य देख रामलला खुद भी भाव-विह्वल हो उठे। योगी सरकार के आठवें दीपोत्सव में राममंदिर की अनुपम छटा हर किसी को आह्लादित कर रही थी।
श्रीराम मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, श्रीराम तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्र, गोपाल, विनोद आदि भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*