आर्य नगर के निवासियों ने मनाया शहीद दिवस

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। महान क्रांतिकारी देशभक्त शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देकर देश के लिए जो बलिदान दिया, उसके लिए कृतज्ञ आर्य नगर सर्फाबाद के निवासियों ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को नमन किया। इससे पहले सभी लोग शुभम अपार्टमेन्ट के प्रांगण में एकत्रित हुए और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार व समाज सेवी प्रवीन सक्सेना ने सभा को सम्बोधित करते हुए वीर सपूतों को याद करते हुए आहवाहन किया कि हमें अपनी आजादी की कीमत पहचानने की आवश्यकता है। नई पीढ़ी को अमर शहीदों की बलिदान गाथा पढ़नी चाहिए। अपने व्यवसाय के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र प्रेम और समाज सेवा के लिये भी तत्पर रहना चाहिए। साथ ही सक्सेना ने जल बचाने पर भी जोर दिया।
भाजपा मन्डल अध्यक्ष संजीव पटेल ने मिल-जुलकर रहने और एकता पर जोर दिया। श्याम पाल ने कहा कि देश के लिए दिए हुए इस बलिदान को मैं नमन करता हूँ और इन वीरों की कुर्बानी हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। इसके पूर्व वरिष्ठ नागरिक देव कुमार सिन्हा ने तीनों अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं आर्य नगर सर्फाबाद व्यापार मंडल के सदस्य मूलचंद और संजीव शर्मा ने भी देश को एकजुट रहने और सजग रहने पर बल दिया। इस अवसर पर सुमित भारद्वाज, ब्रिज कुमार, अतर सिंह, रंजीत वर्मा, अतुल गुप्ता, अश्वनी सिंह, गौरव त्यागी, मनीष त्यागी, महेंदर, समीर मटटा, खादिम, सन्तोष, दिनेश, राम गोपाल, दीपक आदि मौजूद रहे और इन सभी का विशेष सहयोग रहा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*