इंदिरा पुरम पब्लिक स्कूल के ‘मॉडल ऑफ यूनाइटेड नेशंस’ में छाया रहा रूस-यूक्रेन युद्ध

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में सामाजिक विज्ञान विभाग के दिशा-निर्देश में दो दिवसीय ‘मॉडल ऑफ यूनाइटेड नेशंस’ (MUN) का आयोजन किया गया। इस बीच विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों ने देशों से जुड़ी हुई समस्याओं को उठाया और फिर सभी ने मिलकर उन समस्याओं के समाधान हेतु अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्य मुद्दा रूस और यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध से मानव अधिकारों पर पड़ने वाला दुष्प्रभाव रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार, 29 सितंबर की सुबह 8 बजे हुआ। मुख्य अतिथि मोहम्मद साकिब सलीम थे। सामाजिक विज्ञान विभाग की अध्यक्ष श्रीमती अनामिका सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए ‘MUN’ के विषय से सभी को परिचित कराया। मुख्य अतिथि ने किसी भी क्षेत्र में प्रतिभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के निदेशक पंकज जोशी ने संयुक्त राष्ट्र संघ, उससे संबंधित कमेटियों तथा पूरे विश्व के लिए उसके महत्व को स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समस्त प्रतिभागियों को चार कमेटी सदस्यों में विभाजित किया गया था, UNHRC committee के सदस्यों ने रूस और यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध से मानव अधिकारों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा उसके सुझावों पर चर्चा की। दूसरी कमेटी ‘लोकसभा’ ने भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों से संबंधित समस्या तथा उनके समाधान को अपना मुद्दा बनाया। इसी तरह ‘UNEP’ कमेटी का मुद्दा जहां मौसम में होने वाले परिवर्तन से संबंधित समस्याएं तथा उनके लिए उचित सुझाव ढूंढना रहा, वहीं ‘AIPPM’ कमेटी का मुद्दा भारत में व्याप्त विभिन्न धर्मों के लिए समान नियम बनाने से संबंधित रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन विद्यार्थियों ने मुद्दों से संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श किया और दूसरे दिन उन समस्याओं से संबंधित सुझाव दिए। शुक्रवार, 30 सितम्बर को कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रोफेसर निर्मल कुमार के सम्मान तथा उनके द्वारा उत्साह वर्धक अभिभाषण के साथ हुई। विद्यार्थियों ने गुरुवार को उठाए गए मुद्दों से संबंधित समस्याओं के लिए शुक्रवार को सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। विद्यालय की वरिष्ठ समन्वयिका कल्पना सीजो ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी को बधाई दी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*