‘समर्थ नारी समर्थ भारत’ ने पौधरोपण कर विश्व सौंदर्य दिवस मनाया

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कवि नगर स्थित जी ब्लॉक में ‘समर्थ नारी समर्थ भारत’ संगठन के द्वारा विश्व सौंदर्य दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण किया और योग के प्रति लोगों को जागरूक कर उन्हें यह बताने की कोशिश की कि आज की भागमभाग भरी जिंदगी में थोड़ा स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए। अच्छी सेहत के लिए फिटनेस पर ध्यान केंद्रित करना होगा। योग-व्यायाम के अभ्यास से जहां आपका स्वस्थ्य अच्छा रहेगा, वहीं पर्यावरण को सुरक्षित रखकर दुनिया के सौंदर्य में भी आप निखार ला सकती हैं।
संगठन की राष्ट्रीय महासचिव प्रिया वर्मा ने बताया कि विश्व सौन्दर्य दिवस हर साल 19 जून को मनाया जाता है। यह विशेष दिन प्रकृति से जुड़ने और अपने आसपास की दुनिया की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। यह दिन सभी को व्यस्त कार्यक्रम के बाद भी अपने जीवन का आनंद लेने की याद दिलाने के लिए है। उन्होंने कहा कि आजकल हर कोई अपने सपनों को पूरा करने के लिए व्यस्त है। उसे अपनी सेहत और सौंदर्य भी ध्यान ही नहीं रहता। यह अति व्यस्तता न केवल नकारात्मक प्रभाव डालती है बल्कि जीवन में निराशा भी लाती है। इसलिए हमें व्यस्त कार्यक्रम से थोड़ा समय पर्यावरण, योगा, सेहत व सौंदर्य पर भी देना चाहिए। आप खुश रहेंगे तो दुनिया भी बहुत अच्छी लगेगी। सकारत्मक विचार लोगों को अपने दैनिक झंझटों से बाहर निकलने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
रविवार, 19 जून के कार्यक्रम में योग गुरु राज सिरोही, कुसुम गोयल, पूनम माथुर, लालिमा, साधना वर्मा, श्रीमती मीरा, शोभा, ममता, मधु , सारिका आदि उपस्थित रहीं। इन सभी ने पौधरोपण के पश्चात पौधों की पूरी देखभाल करने की भी शपथ ली है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*