राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-संवाददातातीन साल से अस्पताल व रेलवे स्टेशन पर निःशुल्क बांट रहे हैं भोजन
सुल्तानपुर। राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ पिछले तीन साल से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जनपद सुल्तानपुर के जरूरतमंदों के लिए संजीवनी बना हुआ है। करीब तीन साल से अस्पताल व रेलवे स्टेशन पर संघ के सदस्य भूखों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। संघ के अध्यक्ष मेराज अहमद खान के नेतृत्व व वरिष्ठ समाजसेवी निज़ाम खान के मार्गदर्शन में यह अभियान हर गुरुवार को चलाया जाता है।
निज़ाम खान बताते हैं, यह पुनीत कार्य जन सहयोग से संचालित है। सहयोगियों की मदद से शुद्ध, पौष्टिक व गुणवत्ता वाला ताजा भोजन जरूरतमंदों तक पहुँचाया जाता है। बीते गुरुवार को रेलवे स्टेशन परिसर में कार्यरत वरिष्ठ टिकट निरीक्षक शिवचरण के हाथों संघ ने भोजन की थाली वितरित करने का काम शुरू कराया। मेडिकल कॉलेज परिसर में 312 और रेलवे स्टेशन पर 190 लोगों को भोजन दिया गया। कुल 502 जरूरतमंदों के हाथों में थाली पहुँचते ही उनके चेहरों पर सुकून और संतोष की झलक दिखी।
और यही झलक संघ हर जरूरतमंद के चेहरे पर देखना चाहता है। उसके समाजसेवा के इस अनूठे प्रयास की जहां चारों ओर प्रसंशा हो रही है, वहीं अन्य समाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी। गुरुवार के कार्यक्रम में नफीसा बानो, हाजी मुहम्मद मुजतबा, राशिद खान, राशिद वर्दी टेलर, सरदार गुरुप्रीत सिंह, आसिफ, बैजनाथ प्रजापति, माता प्रसाद जायसवाल आदि का भोजन वितरण में विशेष योगदान रहा।
निज़ाम खान के मुताबिक, राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ द्वारा देश की आजादी के लिए प्राण न्योक्षावर करने वाले अमर बलिदानियों की याद में शहीद चंद्र शेखर आजाद, शहीद-ए-आजम भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती व पुण्यतिथि पर रक्तदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुओं के गुरु महागुरु सर्वपल्ली राधाकृष्ण की स्मृति में रक्तदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय जनमोर्चा से निजाम खान ने बताया कि दुर्लभ रक्त समूह निगेटिव वर्ग के किसी मरीज के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। जब कहीं नहीं मिलता तो वह संघ के सदस्यों से रक्तदान का महादान करवाकर किसी की भी जिंदगी बचाने के लिए हमेशा आगे आते रहते हैं। इसके अलावा ठंडक में जरूरतमंदों को गुणवत्ता वाले कंबल वितरित करने, निर्धन परिवार के बच्चों को शिक्षा दिलाने व गरीब बेटियों की शादी में आर्थिक तौर पर मदद करने में भी संघ हमेशा आगे रहता है।


Leave a Reply