नोएडा तिहार परिवार के अध्यक्ष क्षीर मोहन अदबार गुरुग्राम में सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गुरुग्राम। सेक्टर-4 स्थित हुडा कम्युनिटी सेंटर में कलिंगा भारती फाउंडेशन द्वारा दो दिवसीय 8वां रज एवं नृत्यकला महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक नृत्य, पारंपरिक गीत और प्रामाणिक व्यंजनों (ओडिशा फूड फेस्टिवल) की बेहतरीन झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 300 से अधिक कलाकारों ने पारंपरिक ओडिसी और लोक नृत्य का बेहतरीन प्रदर्शन कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 13 जून को हुआ था। नोएडा तिहार परिवार के अध्यक्ष क्षीर मोहन अदबार के नेतृत्व में बहुत सारे सदस्य रविवार, 14 जून को शामिल हुए। कलिंगा भारती फाउंडेशन ने अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। क्षीर मोदन अदबार ने इसके लिए संस्था के प्रति आभार जताया। साथ ही आगामी 20 सितम्बर को नोएडा नुआखाई भेंट कार्यक्रम के लिए फाउंडेशन को आमंत्रित भी किया है।
मंगलवार, 16 जून को नोएडा तिहार परिवार के अध्यक्ष क्षीर मोहन अदबार ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि महोत्सव में आगंतुकों के लिए विशेष रूप से ‘राजा डोली’ (झूला), राजा पान और रंगोली/चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन मुख्य आकर्षण था। वहीं उड़िया व्यंजनों, मीठे पकवानों और पिठा के स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सांस्कृतिक क्षेत्र की हस्तियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि उत्सव का मकसद ओडिसा की संस्कृति को दर्शाने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में आए लोगों ने ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों तथा विविध व्यंजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की अद्भुत झलक देखी। इस भव्य एवं सफल आयोजन हेतु कलिंगा भारती फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक अक्षय कुमार सामल और उनकी टीम की जितनी भी तारीफ की जाए कम होगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*