संजीव भारद्वाज / राष्ट्रीय जनमोर्चा
खुर्जा (बुलंदशहर)। जंक्शन रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में श्री रामलीला कमेटी (रजि.) खुर्जा द्वारा श्रीराम लीला महोत्सव- 2023 की बड़े धूमधाम से शुरुआत की गई। यह महोत्सव 28 अक्टूबर तक चलेगा। मंगलवार की लीला का मंचन पंडित श्री वेद प्रकाश शर्मा एवं पंडित श्री प्रेम प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। दर्शक श्रीराम का दर्शन कर निहाल हो उठे।
उल्लेखनीय है कि खुर्जा की रामलीला एक ऐतिहासिक, पौराणिक और सुप्रसिद्ध रामलीला मानी जाती है। यहां मंच पर रामलीला होने के अलावा श्रीराम की लीलाओं का मंचन खुले बाड़े में भी किया जाता है, जिसमें हजारों नर-नारी आते हैं। सैकड़ों दुकानें, खेल-तमाशा, चरखे-झूले और सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, सेवा समितियों, अखाड़ों, क्लबों और प्रशासनिक कैंप भी लगते हैं। रामलीला कमेटी द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाते हैं।
पूरा रामलीला ग्राउंड बिजली की रोशनी से जगमग है और विभिन्न प्रकार की लाइटों का अद्भुत अलौकिक दृश्य अपनी छटा बिखेरता रहता है। मंगलवार की लीला में अयोध्या में विश्वामित्र का आगमन हुआ। यज्ञ की रक्षा के निमित्त विश्वामित्र जी राम-लक्ष्मण को अपने साथ ले गए। रास्ते में सुबाहु और ताड़का ने भगवान श्रीराम व लक्ष्मण पर हमला कर दिया। साधु-संतों के कल्याण हेतु राम-लक्ष्मण ने सुबाहु व ताड़का का बध कर उन्हें मोक्ष प्रदान किया। इसके बाद विश्वामित्र के साथ श्री राम और उनके अनुज लक्ष्मण जनकपुरी पहुंचते हैं।
राम लीला के अवसर पर महाप्रबंधक राजीव बंसल, महामंत्री नरेंद्र किशोर शर्मा, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, प्रधान नवीन कुमार एडवोकेट, मेला कोऑर्डिनेटर विनीत आर्य, मीडिया प्रभारी डीसी गुप्ता, सह-संयोजक ललित गुप्ता, वासुदेव शर्मा, आशीष गोविल, अशोक पालीवाल, प्रमोद वर्मा आदि कार्यकर्ता व सैकड़ों दर्शक उपस्थित रहे।


Leave a Reply