राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसकेएफआई की खुर्जा शाखा के सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए। साथ ही संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जितेन्द्र बच्चन के दिशा-निर्देश पर खुर्जा की पूरी टीम ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए संकल्प लिया है।
बुधवार, को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य अनिल सक्सेना एडवोकेट ने कहा कि पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना बहुत जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए आज पूरा विश्व मानव विकास की तरफ ध्यान आकर्षित कर रहा है। पर्यावरण आज जीवन जीने की एक पद्धति बन चुका है। इस पर हम सभी को गंभीरता से चिंतन-मनन करना होगा। साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए काम करना होगा।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के बुलंदशहर संयोजक एवं पत्रकार संजीव भारद्वाज ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं है, बल्कि पानी बचाना, पॉलिथीन को जीवन से हटाना और तीन बिंदुओं पर अपना लक्ष्य केंद्रीत करते हुए जनसहयोग के माध्यम से जनता को जागृत करते हुए पर्यावरण संतुलन को एक जन आन्दोलन बनाना भी है।
पौधरोपण कार्यक्रम में संजीव भारद्वाज, अमित शर्मा, अनिल सक्सेना एडवोकेट, श्याम बाबू शर्मा (सोनू पंडित), मदन लाल, सर्वेश सक्सेना, मुकुल सक्सेना, देव कुमार शर्मा, अनिल कुमार, आनंद वशिष्ठ, मोहित कौशिक आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply