बेटियों के साथ दरिंदगी करने वालों का गैंग बन चुकी है सपा: सीएम योगी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ/गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर करारा वार किया है। उन्होंने सपा को बेटियों के साथ दरिंदगी करने वाली गैंग बताते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले जितने भी दरिंदे पकड़े गए हैं, उन सभी के संबंध समाजवादी पार्टी से हैं। योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को सिर्फ लूटा है। आज दो लड़कों की जोड़ी प्रदेश को गुमराह करने के लिए आई है। अपने परिवार के अलावा इन्होंने कभी किसी का हित नहीं किया है।
सीएम योगी ने कहा कि अपने संस्कार के अनुरूप सपा के नेता भारत की धर्म और संस्कृति के प्रतीक धर्माचार्यों को माफिया बोल रहे हैं। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है। योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा भस्मासुर हैं, जब भी जनता ने इन्हें शक्ति प्रदान की, इन्होंने उसी शक्ति का दुरुपयोग जनता की आस्था पर प्रहार करने के लिए किया। उत्तर प्रदेश की जनता को आज भी 2017 के पहले की सरकारों की कारगुजारियां याद आती हैं।
सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार साढ़े सात साल में साढ़े छह लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार 40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे लगभग प्रदेश के डेढ़ करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत डबल इंजन सरकार अगले कुछ वर्षों के अंदर 10 लाख युवाओं को पहले पांच लाख और दूसरे चरण में 10 लाख रुपए का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने जा रही है।
कार्यक्रम में सीएम योगी के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, सांसद अतुल गर्ग, पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*