राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम लखनऊ के पटेल पार्क, जीपीओ में उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि शून्य से शिखर की यात्रा प्रधानमंत्री मोदी जी के जीवन का सार है। संघर्षों से आगे बढ़कर उन्होंने अपना मार्ग बनाया है। जीवन की शुचिता, कर्मठता और ईमानदारी उनके जीवन का हिस्सा है।
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्र के प्रति अगाध प्रेम और संपूर्ण समर्पण का भाव उनके जीवन का हिस्सा है। उन्होंने अपना सब कुछ भारत माता के चरणों में समर्पित किया है और इसीलिए पिछले दस वर्ष में हमने भारत को बदलते हुए देखा है। एक भारत जो आज दुनिया की एक बड़ी ताकत के रूप में उभरकर दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है। एक ऐसा भारत जो अपनी आस्था का भी सम्मान कर रहा है और विकास और विरासत की यात्रा के साथ भारत की 140 करोड़ जनता जनार्दन की आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि विगत दस वर्षों में हमने एक नए भारत का दर्शन किया है और ये नया भारत प्रधानमंत्री मोदी जी जैसे सारथी के नेतृत्व में एक विकसित भारत की संकल्पना के साथ आगे बढ़ रहा हैं। स्वाभाविक रूप से इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी के संघर्षमय जीवन की गाथा को चित्रों के माध्यम से देखने और अवलोकन करने का अवसर हम सबको प्राप्त हो रहा है।
इससे पहले, सीएम योगी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां उन्हें पीएम मोदी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को देखने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में पीएम मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक और प्रधानमंत्री बनने के बाद अब तक उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।


Leave a Reply