प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी महिलाओं के मान-सम्मान का रखें ध्यान : राज्य महिला आयोग

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित गंगाजल गेस्ट हाउस के निरीक्षण भवन में राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में बुधवार को जनसुनवाई की गई। साथ ही सम्बन्धित विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठक भी हुई। जनसुनवाई में 15 महिलाओं ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत की, जिनमें से चार मामलों पर श्रीमती भराला ने विभागाध्यक्षों से बातचीत कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। अन्य मामलों में त्वरित निस्तारण कर महिला आयोग लखनऊ को रिपोर्ट भेजने का आदेश जारी किया है। साथ ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से कहा है कि महिलाओं के मान-सम्मान का ध्यान रखा जाए।
समीक्षा बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर निखिल चक्रवर्ती, एसीपी प्रिया श्रीपाल, मनोज कुमार पुष्कर प्रोबेशन अधिकारी, योगेन्द्र प्रताप सिंह जिला सूचना अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा० अमित विक्रम एवं सोशल सेक्टर के अन्य अधिकारी व जनसुनवाई हेतु गणमान्य उपस्थित रहे। श्रीमती भराला ने कहा है कि पात्र महिलाएं किसी योजना से वंचित न रहें और शत-प्रतिशत उनके अधिकार दिलाएं। महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी महिलाओं के मान-सम्मान का ध्यान रखें।
उन्होंने जिला कारागार में महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। महिला वैरक में 170 महिलाएं निरूद्ध पायी गईं। कारागार अधीक्षक ने बताया कि महिला बन्दियों के लिये सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण संचालित है और ब्यूटीशियन का कोर्स शीघ्र संचालित किया जायेगा। राज्य महिला आयोग की सदस्य भराला ने महिला बंदियों से बातचीत कर उनका दुख दर्द भी जाना। इस बीच जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा, एएसीपी (महिला एवं बाल अपराध) श्रीमती प्रिया श्री पाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर एवं डिप्टी जेलर ब्रिजेश पाण्डे उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*