राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में बुधवार को कशमकश भरे वातावरण में 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह (लम्हे) का आयोजन किया गया। शुभारंभ विद्यालय समिति के सचिव प्रियंक जोशी, उप सचिव अमित सिन्हा एवं निदेशक पंकज जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता आदि प्रस्तुत कर और विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को याद करते हुए भाव-विभोर कर दिया।
26 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना की प्रस्तुति कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने 11वीं के छात्र-छात्राओं को जिम्मेदारी की प्रतीक जलती मामबत्तियां थमाकर उन्हें उनके बड़े होने का एहसास कराया। ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने भी सीनियर्स के सम्मान में आर्केस्ट्रा, नृत्य, संगीत, माइम एक्ट तथा विभिन्न प्रकार के खेलों के माध्यम से माहौल को खुशनुमा बनाने का प्रयास किया। वरिष्ठ एवं कनिष्ठ समन्वयिकाओं ने विद्यार्थियों के साथ बिताए कुछ महत्वपूर्ण पलों का वर्णन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए 12वीं के छात्र-छात्राओं ने केक काटा और मूवी ‘स्कूल के दिन’ देखते हुए स्कूल में बिताए दिनों की यादें ताजा की। निदेशक पंकज जोशी ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इससे पहले रैंप वॉक और अनेकानेक प्रश्नों के आधार पर कृति वर्मा को मिस आई.पी.एस .तथा बलजिंदर सिंह को मिस्टर आई.पी.एस 2022-23 चुना गया। शाम पांच बजे प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने भावी हेड गर्ल और हेड बॉय की घोषणा कर सभी को शुभ आशीष प्रदान किया।


Leave a Reply