मुफ्त में टैबलेट पाकर आईटीआई हबीबपुर के छात्रों के खिले चेहरे

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुफ्त टैबलेट स्मार्ट फोन योजना 2022 के तहत सोमवार को हबीबपुर स्थित आईटीआई के छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए। मुफ्त टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। थाना इकोटेक (तीन) प्रभारी विनोद कुमार ने छात्रों को टैबलेट वितरित करते हुए उम्मीद जताई कि डिजिटल क्रांति से जोड़ने के लिए सरकार की टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण योजना छात्रों के लिए बेहद कारगर साबित होगी। इसके अलावा उन्होंने युवाओं को साइबर क्राइम से बचने के लिए भी जागरूक किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना की शुरुआत 19 अगस्त 2021 को की थी। इसके लिए उत्तर प्रदेश की सरकार ने 3000 करोड़ का बजट पास किया है। निश्चित ही इससे छात्र-छात्राओं का भविष्य उज्जवल होगा। क्योंकि आज तकनीक के युग में हर कार्य ऑनलाइन हो रहा है। ऐसे में युवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत करना बेहद जरूरी है। आईटीआई संस्थान के प्रबंधक व समाजसेवी मनोज झा ने इस अवसर पर सरकार को धन्वाद देते हुए कहा कि युवा वर्ग को मुफ्त टैबलेट स्मार्ट फोन योजना से अपडेट रहने में मदद तो मिलेगी ही, साथ ही ऑनलाइन शिक्षा के युग में शिक्षा हासिल करने में भी सहायता प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मुफ्त में मिले टैबलेट व स्मार्ट फोन से डिजिटल एक्सेस और विश्व स्तरीय शानदार कंटेंट की सुविधा भी मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे। वाकई सरकार युवाओं की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऐसे इंतजाम सुनिश्चित कर रही है जिससे उन्हें बाहर जाने की नौबत न आए। राज्य के युवा अब स्मार्ट बनेंगे। टैबलेट व स्मार्टफोन के जरिये युवा पढ़ाई के दौरान ही अपने करियर का रास्ता चुन सकेंगे। कार्यक्रम में महिला उन्नति संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा, अनिल भाटी, गीता भाटी, राहुल शर्मा, नरेश कुमार, कुलदीप मौर्य, मोहनलाल आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*