महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाना होगी पहली प्राथमिकता: स्वीटी अग्रवाल

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। तमाम प्रयासों के बावजूद आधी आबादी की स्थिति अभी बहुत अच्छी नहीं कही जा सकती। चिंता तब और बढ़ जाती है जब कार्यस्थल पर ही उनका शोषण होता है और घरेलू हिंसा के आंकड़े कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में महिला उन्नति संस्था (भारत) ने गाजियाबाद की स्वीटी अग्रवाल को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत कर महिला सशक्तिकरण को एक मजबूत आधार दिया है। संस्था ने उम्मीद जताई है कि स्वीटी अग्रवाल के जुड़ने से प्रदेश की महिलाओं की दशा और दिशा दोनों में बदलाव आएगा। वह आधी दुनिया की आवाज बनकर उनका कुशल नेतृत्व करने में सक्षम होंगी और महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी बनाने के कार्य को प्राथमिकता देंगी।
रविवार, 29 अगस्त को इंदिरापुरम में आयोजित एक सादे समारोह में संस्था के मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने स्वीटी अग्रवाल को मनोनीत पत्र देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान जारी है। इसकी सफलता के लिए जनभागीदारी जरूरी है और इसमें स्वयं सेवी संस्थाएं कारगर भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की हालत चिंताजनक नहीं है लेकिन बहुत अच्छी नहीं कही जा सकती। यहां महिलाओं को जागरूक करने के लिए उन्हें शिक्षित और सशक्त बनाना हमारी पहली जिम्मेदारी है। निश्चित ही स्वीटी अग्रवाल इसके लिए एक सशक्त आवाज बनकर संस्था को और आगे ले जाएंगी।
महिला उन्नति संस्था की संरक्षक इंदु गोयल ने इस मौके पर कहा कि स्वीटी अग्रवाल पिछले काफी समय से महिलाओं की आवाज उठाती रही हैं। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करती रही हैं। उनके इस अनुभव को देखते हुए संगठन द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने का कार्य किया जा सके। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वीटी अग्रवाल ने संस्था का आभार जातते हुए कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलम्बन को लेकर बहुत कार्य किये जाने की जरूरत है। उसके बाद ही महिला सशक्तिकरण का सपना साकार हो सकता है। उन्हें संगठन की जो जिम्मेदारी दी गई है, वे उसे पूर्ण ईमानदारी के साथ निभाएंगी। कार्यक्रम में संस्थापक डा राहुल वर्मा, मनोज झा, गीता भाटी, देवेंद्र चंदीला, अनिल भाटी, डा ओमवीर बघेल, रविन्द्र होलकर, संजीव अग्रवाल, विकास सक्सेना आदि गणमान्य मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*