गरीबों को 9 रुपये में मिलेगा भोजन, CM ने किया ‘मां की रसोई’ का उद्घाटन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
महाकुम्भ नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रयागराज में स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में नंदी सेवा संस्थान द्वारा संचालित ‘मां की रसोई’ का उद्गाटन किया। मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए संस्थान की ओर से शुरू की गई इस सेवा पर प्रसन्नता जाहिर की और खाने की गुणवत्ता, स्वच्छता के साथ ही यहां दी जा रही सुविधाओं की भी सराहना की। यही नहीं उन्होंने थाली परोसकर सेवा भी की और मां की रसोई के किचन का भी अवलोकन किया।
प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन सीएम योगी स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने फीता काटकर नंदी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मां की रसोई का शुभारंभ किया। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी इस अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने खाने की गुणवत्ता से लेकर अन्य सभी प्रबंधों के विषय में सीएम योगी को जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए नंदी सेवा संस्थान द्वारा यह सेवा शुरू की गई है। इसमें मात्र नौ रुपये में लोगों को भरपेट भोजन मिलेगा। थाली में दाल, चार रोटी, सब्जी, चावल, सलाद और मिठाई दी जाएगी। कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और जगदगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास (सतुआ बाबा) उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*