दूधेश्वरनाथ मंदिर में रविवार से शुरू होगा दो दिवसीय संत सनातन कुंभ

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रसिद्ध देवाधिदेव महादेव भगवान दूधेश्वरनाथ मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार 3 जुलाई से श्रीमहंत गौरी गिरी जी महाराज व दूधेश्वर मठ के समस्त ब्रह्मलीन गुरु मूर्तियों की पुण्य स्मृति में संत सनातन कुंभ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के अधिकतर संत, महात्मा एवं गुरुजन शामिल हो रहे हैं। रविवार रात्रि आठ बजे शंकराचार्य महामंडलेश्वर व वरिष्ठ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कुंभ का शुभारंभ किया जाएगा।
दूधेश्वर नाथ मंदिर के मीडिया प्रभारी एसआर सुथार ने बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ पर भजन संध्या और नृत्य नाटिका का आयोजन होगा, जिसे दिल्ली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। अगले दिन सोमवार को प्रातः काल श्रीमहंत नारायण गिरी जी महाराज (दूधेश्वर पीठाधीश्वर व अंतर्राष्ट्रीय मंत्री श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा), धर्म पाल गर्ग अध्यक्ष मंदिर विकास समिति एवं अनुज धर्म गर्ग द्वारा मन्दिर में समस्त सिद्ध समाधि वाले ब्रह्मलीन गुरुमुर्तियों का पूजन व भगवान दूधेश्वर का अभिषेक कर मन्दिर में स्थापित समस्त देवी- देवताओं का पूजन किया जाएगा। तत्पश्चात सभी साधु, संत, महात्माओं एवं राजनीतिक लोगों द्वारा सिद्ध संतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही महामंडलेश्वर एवं साधु-संतों एवं गणमान्य लोगों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज के निर्देशानुसार कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। इस कार्य में श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल, विजय गिरि जी महाराज, शंकर झा, आचार्य लक्ष्मी कान्त पाढ़ी, गौरव शर्मा आदि भक्त गण लगे हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*