मिशन शक्ति के तहत पिंक स्कूटी रैली निकाल महिलाओं को किया जागरूक

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। योगी सरकार प्रदेशभर में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। इसी कड़ी में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्राओं और लखनऊ पुलिस की ओर से पिंक स्कूटी रैली निकाली गयी। रैली को वीसी आलोक राय और मिशन शक्ति नोडल अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लखनऊ विश्वविद्यालय के वीसी आलोक राय ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय के संस्थापक दिवस पर मिशन शक्ति फेज-5 के तहत विवि के गेट नंबर 3 से लखनऊ पुलिस के सहयोग से 250 से अधिक पिंक स्कूटी रैली को रवाना किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर में महिला सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरुकता लाना है। नोडल अधिकारी डॉ. मानिनी श्रीवास्तव के अनुसार ‘मिशन शक्ति’ अभियान से आज प्रदेश की महिलाएं स्वयं को सशक्त और सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
मिशन शक्ति पिंक स्कूटी रैली में बड़ी संख्या में छात्रों, डीन, विभागाध्यक्षों और संकाय सदस्यों ने बाइक व कार से भाग लिया। महिला पुलिसकर्मियों ने पिंक स्कूटी और एसयूवी पर भागीदारी निभायी। प्रो-वाइस चांसलर प्रो. मनुका खन्ना ने शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*