राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
मुंबई। हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। सोमवार, 24 नवंबर की सुबह उन्होंने जुहू स्थित अपने घर में ही अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में हुआ, जहां उनके परिवार के अलावा तमाम सिने हस्तियों ने वहां पहुंचकर धर्मेंद्र को अंतिम विदाई दी। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त और अक्षय कुमार जैसी हस्तियों मौजूद रहीं।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और देश विदेश के कई बड़े नेताओं ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है, “धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है।” उन्होंने लिखा आगे लिखा है, “धर्मेंद्र जी एक दिग्गज व्यक्तित्व और शानदार अभिनेता थे, जिन्होंने जो भी किरदार निभाया, उसमें अलग तरह का चार्म और गहराई ले आए। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाए, उस अंदाज से तमाम लोगों को अपना मुरीद बना लिया।”
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि महान अभिनेता धर्मेंद्र जी अपनी कलाकारी, सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए सदैव अमर रहेंगे। दु:ख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, दोस्तों और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता हूं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सांस संबंधी समस्याओं के कारण भर्ती किए गए थे। बाद में वह घर लौट आए थे। सन 1935 में पंजाब में जन्में धर्म सिंह देओल ने अपने पुश्तैनी गाँव नरसाली से लेकर बॉम्बे तक का ऐसा सफर तय किया है, जिसे एक ख़्वाब ही कहा जा सकता है। भारत ही नहीं पाकिस्तान में भी धर्मेंद्र के जबरदस्त फैन रहे हैं, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी शामिल हैं।


Leave a Reply