बिहार में सभी भर्ती परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा के लिए देने होंगे महज 100 रुपये

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
पटना। बिहार सरकार ने फैसला किया है कि अब सभी भर्ती परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा के लिए सिर्फ 100 रुपये मात्र शुल्क लगेगा। मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। इससे नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी और भर्ती प्रक्रिया सस्ती और आसान हो जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने घोषणा की है कि सभी राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अब एक समान प्रारंभिक परीक्षा शुल्क देना होगा। यह बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग और केंद्रीय कांस्टेबल चयन बोर्ड सहित विभिन्न भर्ती निकायों द्वारा आयोजित परीक्षाओं पर लागू होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। अब हमलोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों (बिहार लोक सेवा आयोग/ बिहार कर्मचारी चयन आयोग/ बिहार तकनीकी सेवा आयोग/ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग/ केन्द्रीय सिपाही चयन पर्षद आदि) के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रूपए का शुल्क रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रारंभिक (PT) परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य सरकार के इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा। राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमारी प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार की इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*