अभिनंदन समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक हुए समस्याओं से रूबरू

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। अपर पुलिस महानिदेशक (राजकीय रेलवे पुलिस) एवं नोडल अधिकारी गौतम बुद्धनगर संजय सिंघल ने कहा है कि शहर में साइबर क्राइम, अवैध विदेशी लोग और ट्रैफिक की समस्याओं का जल्द स्थाई समाधान किया जाएगा। आम लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। किसी को भी अवांछनीय और गलत चीज की जानकारी हो तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस में कोई भी कमी दिखे तो इसकी जानकारी भी एसएसपी को दें।
गुरुवार को शहर के नॉलेज पार्क स्थित आईआईएमटी कॉलेज ऑफ ग्रुप में समस्या और समाधान को लेकर एक आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक राजकीय रेलवे पुलिस (यूपी) एवं नोडल पुलिस अधिकारी गौतम बुद्धनगर संजय सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके प्रथम आगमन और नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने पर आईआईएमटी कॉलेज में उनका हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस मौके पर एसएसपी वैभव कृष्ण, एसपी देहात रणविजय सिंह और पुलिस के कई अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे। शहर के सम्मानित लोगों ने पुलिस अधिकारियों को ग्रेटर नोएडा की समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि शहर में अवैध रूप से अफ्रीकी मूल के लोग रह रहे हैं।
लोगों ने बताया कि अफ्रीकी लोग शहर में बड़े स्तर पर नशे का कारोबार करते हैं। साइबर क्राइम और ट्रैफिक की वजह से भी लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शहर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने नोडल पुलिस अधिकारी को समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा। उसके मद्देनजर संजय सिंघल ने कहा कि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर कॉलेज के निदेशक मंयक अग्रवाल, मंजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, देवेंद्र टाइगर, मनोज गौड़, अजीत दौला, सौरभ बंसल सहित विभिन्न संगठनों के अनेक लोग मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*