राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीपावली पर किसानों पर रबी फसलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर तोहफा दिया है। बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति (सीसीईए) की बैठक में रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत गेंहू की एमएसपी में प्रति क्विंटल 85 रुपये, चना में प्रति क्विंटल 255 रुपये और मसूर में 325 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी वर्ष 2019-20 के लिए तय एमएसपी को आधार मानते हुए की गई है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की यह पहल 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में उठाया गया एक कदम है। इसके साथ ही किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत प्रति वर्ष छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इसके तहत ज्यादातर किसानों को अब तक दो से तीन किश्तें मिल चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि फसलों के एमएसपी में यह बढ़ोतरी कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) की सिफारिश के आधार पर किया जाता है। जो मौसम सहित फसलों के उत्पादन के अनुमान को देखते हुए इसे तय करता है। सीसीईए ने विपणन सत्र 2020-21 के लिए रबी सीजन की कुल पांच फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी है। इसके तहत गेंहू और जौ में 85 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 1840 रुपये से बढ़ाकर 1925 कर दिया है। इसी तरह जौ की एमएसपी को भी प्रति क्विंटल 1440 रुपये से बढ़ाकर 1525 रुपये कर दिया गया है।
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी चना, मसूर, सरसों और कुसुम की फसलों में की गई है। चना की एमएसपी प्रति क्विंटल 4620 से बढ़ाकर 4875 कर दिया गया है। यानि प्रति क्विंटल 255 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसी तरह मसूर की एमएसपी प्रति क्विंटल 4475 से बढ़ाकर 4800 रुपये, सरसों की एमएसपी प्रति क्विंटल 4200 से बढ़ाकर 4425 रुपये कर दिया गया है। कुसुम की एमएसपी 4945 से बढ़ाकर 5215 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।


Leave a Reply