अमर भारती अलंकरण सम्मान से विभूषित होंगे 17 को गंगा प्रसाद विमल, प्रियदर्शन, अतुल सिन्हा, डॉ. मुक्ता

राष्ट्रीय जनमोर्चा सम्वाददाता

गाजियाबाद। “अमर भारती साहित्य संस्कृति अलंकरण सम्मान- 2019” के लिए उपन्यासकार गंगा प्रसाद विमल, कथा लेखन के लिए प्रियदर्शन, कविता के क्षेत्र में अतुल सिन्हा, बहुमुखी प्रतिभा के क्षेत्र में डॉ. मुक्ता को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा इस वर्ष का युवा प्रतिभा सम्मान कविता के नव हस्ताक्षर आशीष मित्तल एवं विधि क्षेत्र में प्रतिभा प्रदर्शित करने वाली सुश्री समृद्धि अरोड़ा को दिया जाएगा।

शनिवार को निर्णायक मंडल की ओर से मीडिया को बताया गया कि रविवार 17 नवंबर को सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में आयोजित एक भव्य समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह की अध्यक्षता महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्व विद्यालय वर्धा के पूर्व कुलगुरु एवं चर्चित उपन्यासकार विभूति नारायण राय करेंगे। समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं पूर्व रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर  डॉ. सुभाष जैन होंगे।
संस्था के अध्यक्ष गोविंद गुलशन ने मीडिया को बताया कि समारोह में देश विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकार भी अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। मॉरीशस के अंतरराष्ट्रीय हिन्दी रचनाकार रामदेव धुरंधर समारोह के विशेष आमंत्रित अतिथि के तौर पर आमंत्रित हैं। सुप्रसिद्ध कवि एवं पत्रकार प्रताप सोमवंशी, सुप्रीम कोर्ट के चर्चित अधिवक्ता एवं चिंतक मकरंद प्रताप सिंह, शिक्षाविद व अंतरराष्ट्रीय उद्योग रत्न हरविलास गुप्ता, वरिष्ठ कवि एवं प्रशासनिक अधिकारी श्रीविलास सिंह, उर्दू अदब का जाना-माना नाम कुमैल रिज़वी, प्रसिद्ध गजलगो एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा “तूफान”, सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. दिनेश अरोड़ा, सुप्रसिद्ध शिक्षाविद श्रीमती संतोष ओबराय, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड धारक, कवि एवं वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. बृजपाल सिंह त्यागी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती स्मिता सिंह, सुप्रसिद्ध कवि, लेखक, गीतकार एवं प्रशासनिक अधिकारी सुश्री मनु लक्ष्मी मिश्रा, सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. मंगला वैद एवं व्यंग्यकार श्री शिवराज सिंह भी अलंकरण समारोह की अतिथि सूची में शामिल हैं।
गौरतलब है कि संस्था विगत 6 वर्षों से साहित्य के उन्नयन हेतु प्रति वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर “अलंकरण समारोह” का आयोजन कर रही है। संस्था द्वारा अब तक सुप्रसिद्ध लेखक से. रा. यात्री और श्रीमती चित्रा मुद्गल, महेश दर्पण, रिफ़अत शाहीन, गीतकार डॉ. कुंअर बेचैन, बाल स्वरूप राही, माहेश्वर तिवारी, व्यंग्यकार आलोक पुराणिक एवं सुभाष चंदर, ग़ज़लकार बिजेंद्र परवाज़, कवि लालित्य ललित, अमर नाथ अमर, सुश्री आशा शैली, सुधाकर पाठक, सुश्री ममता किरण, सुश्री प्रमिला भारती, सुश्री सुधा उपाध्याय, आलोचक बुद्धिनाथ मिश्रा को सम्मानित कर चुकी है। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी गोविंद गुलशन, तरुणा मिश्रा, आलोक यात्री, प्रवीण कुमार, सुरेंद्र शर्मा, पराग कौशिक सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*