अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में यह रामकथा का नया अध्याय है, 492 वर्ष तक चली संघर्ष-कथा का अपना ‘उत्तरकांड’ है। अपनी माटी, अपने ही आंगन में बैठने के लिए रामलला पांच सदी तक प्रतीक्षा करते रहे तो रामभक्तों की ‘अग्निपरीक्षा’ भी अब पूरी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अभिजीत मुहूर्त में श्रीराम जन्मभूमि में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और आधार शिला रखी।
श्रीराम मंदिर भूमि पूजन को लेकर पूरी अयोध्या को भव्य तरीके से सजाया गया है। सरयू घाट की छवि मनमोहक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले दिल्ली से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे और फिर वहां से हेलिकॉप्टर से अयोध्या रवाना हुए। मोदी रामनगरी के साकेत महाविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचे। वहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या हनुमानगढ़ी मंदिर में प्रभु राम के भक्त हनुमान और रामलला का पूजन-दर्शन किया। वहां से अभिजित मुहूर्त में उन्होंने भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया।
भूमि पूजन समारोह को संबंधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्षों के संघर्ष के बाद आज वह पल आया है, जो सपना हम सभी ने देखा वह पूरा हो रहा है। यह पल हमारे उमंग और उत्साह का भी है। मैं इस अवसर पर सभी का हृदय से स्वागत करता हूं।
शुभ मुहूर्त के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, संघ प्रमुख मोहन भागवत और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या की माटी को अपने माथे पर लगाया और प्रणाम किया।


Leave a Reply