आदेश गुप्ता दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष, मनोज तिवारी को झटका

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष ने विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ और एस. तिकेन्द्र सिंह को मणिपुर भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को पार्टी के महासचिव अरुण सिंह की ओर से संगठनात्मक नियुक्ति के संबंध में जारी आदेश में यह जानकारी दी गई है।
आदेश गुप्ता को मनोज तिवारी की जगह अध्यक्ष बनाया गया है। इससे दिल्ली सांसद और अभिनेता मनोज तिवारी को बड़ा झटका लगा है। मनोज तिवारी को पद से क्यों हटाया गया, इसके पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। आदेश गुप्ता एक साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि भाजपा ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है। मनोज तिवारी को हटाकर भाजपा ने जमीनी और दिल्ली से जुड़े नेता को अध्यक्ष बनाया है, जिसकी मांग काफी वक्त से चल रही थी।
आदेश गुप्ता एक वक्त में ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे।इससे पहले मनोज तिवारी को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वे दिल्ली में कोविड-19 को नियंत्रित करने में अरविंद केजरीवाल सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए राजघाट पर जमा हुए थे। मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने के आरोप पहले भी लगे थे। वह क्रिकेट मैच खेलने हरियाणा पहुंचे थे। वहां उन्होंने मैच के दौरान न तो मास्क लगाया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी उल्लंघन किया था। इसके अलावा दिल्ली चुनाव में मिली करारी हार को भी मनोज तिवारी को हटाने के पीछे वजह माना जा रहा है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2020 यानि इसी साल फरवरी में हुए थे। इसमें भाजपा को कुल 8 सीट मिली थीं। पार्टी ने यह चुनाव मनोज तिवारी की अध्यक्षता में ही लड़ा था।
छत्तीसगढ़ में विक्रम उसेंडी को हटाकर पार्टी ने विष्णुदेय साय को अब तीसरी बार प्रदेश की कमान सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के पहले राष्ट्रीय संगठन ने पर्यवेक्षक भेजकर राज्य संगठन के तमाम आला नेताओं से फीडबैक लिया था। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट मिलने के बाद आलाकमान ने साय के नाम पर मुहर लगा दी। विष्णुदेव साय पहले भी राज्य में अध्यक्ष रहे हैं औऱ उनके नेतृत्व में पार्टी को लगातार विजयश्री हासिल हुई है। इसके अलावा वे केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा एस.तिकेन्द्र सिंह को मणिपुर भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*